दिनभर गुल रही 10 हजार घरों की बिजली
बुलंदशहर में लाइन शिफ्टिंग के कारण नगर के करीब 10 हजार घरों की बिजली आपूर्ति रविवार को करीब 10 घंटे तक गुल रही। डीएवी फ्लाईओवर के नीचे लाइन शिफ्टिंग के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा रविवार को भी डीएवी फ्लाईओवर के नीचे लाइन शिफ्टिंग का काम किया गया। लाइन शिफ्टिंग काम के कारण नगर के सबसे बड़े हाइडिल कॉलोनी बिजलीघर, सबसे मुख्य अंसारी रोड बिजलीघर और वलीपुरा बिजलीघर से जुड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इसके कारण हाइडिल कॉलोनी से जुड़े साठा, राधा नगर, मोहनकुटी, शिकारपुर बाईपास, टीचर्स कॉलोनी, खुर्जा बस स्टैंड रोड, इस्लामाबाद, उपरकोट आदि क्षेत्र के अलावा अंसारी रोड बिजलीघर से जुडे़ अंसारी रोड, चौक बाजार, शेख सराय, अंबर सिनेमा रोड, जिला अस्पताल रोड, नगर कोतवाली रोड, कालाआम, ईदगाह रोड और वलीपुरा बिजलीघर से जुड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सुबह आठ बजे से शाम छह बजे इन क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। एसडीओ सदर संजय कुमार ने बताया कि डीएवी फ्लाईओवर के नीचे बीडीए द्वारा लाइन शिफ्टिंग का काम किया गया, जिसके कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।