गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों में आयोजित दो दिवसीय एआई फॉर ऑल की ऑनलाइन आंतरिक परीक्षा पहले ही दिन फेल हो गई।
सर्वर ठप होने से जिले के करीब 18 हजार छात्र परीक्षा नहीं दे सके। सुबह से निर्धारित समय पर छात्र कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे रहे, लेकिन परीक्षा पोर्टल बार-बार हैंग होता रहा। लॉगिन तक नहीं हो सका। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे।
परीक्षा शुरू होते ही सर्वर पर लोड बढ़ा और पूरा सिस्टम जवाब दे गया। कई कॉलेजों में छात्र बार-बार लॉगिन का प्रयास करते रहे, लेकिन पोर्टल पर एरर और 502 बैड गेटवे का मैसेज दिखाई देता रहा। तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा पूरे दिन शुरू नहीं हो सकी।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब एक सवा घंटे पोर्टल चला, जिसमें कुछ छात्र परीक्षा दे पाए। विश्वविद्यालय के पोर्टल पर करीब 50 हजार छात्रों को परीक्षा देनी थी, लेकिन जैसे ही 15 से 20 हजार छात्रों ने एक साथ लॉगिन किया तो सर्वर ठप हो गया। एमएमएच कॉलेज के छात्रों ने बताया कि परीक्षा को लेकर पहले से तैयारी की थी और समय पर स्क्रीन के सामने बैठ गए थे, लेकिन विश्वविद्यालय की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा। कई छात्र घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर कंप्यूटर बंद कर चले गए। उनका कहना है कि यदि विश्वविद्यालय ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कर रहा है तो पहले सर्वर और तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए था। एमएमएच कॉलेज के करीब 14 हजार छात्रों को दो दिन के अंदर ये परीक्षा देनी है। अब छात्र दूसरे दिन का इंतजार कर रहे हैं।