गाजियाबाद। जीडीए में एकमुश्त समाधान योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त मामलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए बृहस्पतिवार को ओटीएस का लाभ लेने के लिए 18 नए आवेदन हुए। इनमें 12 मामलों में स्वीकृति प्रदान की गई। जीडीए परिसर में लगाए गए शिविर में बुधवार को 24 लोगों ने पंजीकरण कराए थे। इसके साथ ही मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में पीएम आवास योजना के तहत 11 आवेदनों पर सुनवाई के बाद चार मामलों में रजिस्ट्री के आदेश जारी किए गए।
दो दिनों में 21 आवेदन किए गए। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से जन साधारण की सहूलियत और लंबित मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए 16 से 18 जून तक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के तीसरे दिन भी काफी संख्या में पंजीकरण के लिए आवेदक पहुंचे। आवंटियों को एक मुश्त समाधान योजना और मधूबन बापूधाम स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण किया गया। ऑनलाइन माध्यम से दो दिनों में कुल 38 नए आवेदन प्राप्त हुए। पूर्व से लंबित व पुराने आवेदनों पर भी सुनवाई के बाद समाधान किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए रजिस्ट्री कैंप लगाकर 10 नए प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई उपरांत रजिस्ट्री के आदेश जारी किए गए।