25 हजार किसानों के खाते में आई सम्मान राशि
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का रविवार को शुभारंभ हुआ। इसकेतहत गाजियाबाद के किसानों के खातों में पहली किश्त आई । मुख्यालय सहित सभी ब्लॉकों में किसानों को प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन भी दिखाया गया। जनपद में 25073 किसानों के खाते में पहली किश्त आई। इस दौरान 10 किसानों को प्रमाणपत्र भी दिए गए।
रविवार को सुबह प्रधानमंत्री ने गोरखपुर से किसानों का संबोधित किया जिसका लाइव प्रसारण सभी किसानों को बड़े स्क्रीन पर दिखाया गया। जिला मुख्यालय में मुख्य विकास अधिकारी रमेश रंजन, लोनी में विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मोदीनगर में विधायक मंजू शिवाच ने सभी किसानों को इस पीएम किसान योजना के बारे में जानकारी दी। बताया कि लघु सीमांत किसानों को छह हजार प्रतिवर्ष दिए जाएंगे, जिसकी पहली किश्त 2000 प्रति किसान दिया जा रही है। इससे किसान खेती के लिए बीज खाद आदि खरीद सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि जनपद में 52500 किसान पंजीकृत हुए हैं,जिसमें से रविवार को 25073 किसानों के खाते में पहली किश्त आई है। इस मौके पर 10 किसानों को प्रमाणपत्र भी दिए गए। 26620 में से 1547 किसानों के तकनीकों खामियों के कारण खाते रिजेक्ट हो गए थे। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एसडीएम प्रशांत कुमार, कृषि रक्षा अधिकारी डॉ.आरएस वर्मा आदि मौजूद रहे।