दिल्ली-एनसीआर देश में सबसे प्रदूषित, गाजियाबाद पहले नंबर पर
साहिबाबाद। दिल्ली एनसीआर मंगलवार को देश में सबसे प्रदूषित रहा। दिल्ली एनसीआर में आने वाले नौ शहर टॉप टेन में शामिल रहे। इसमें गाजियाबाद पहले नंबर पर रहा। मंगलवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 451 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जोकि सोमवार के मुकाबले काफी अधिक रहा। वहीं पीएम 10 और 2.5 में भी सोमवार के मुकाबले मंगलवार को बढ़ोतरी देखी गई।
देश में दिल्ली एनसीआर की हवा मंगलवार को सबसे खराब रही। दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, बुलंदशहर, बागपत, ग्रेटर नोएडा आदि में एक्यूआई की मात्रा 400 प्रति घन मीटर से ज्यादा दर्ज की गई। जबकि मंगलवार को गाजियाबाद में एक्यूआई का स्तर 451 प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया, जोकि सोमवार को 433 प्रतिघन मीटर था। इसकी वजह से देश में गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर रहा। सोमवार को प्रदूषित शहरों में दूसरे नंबर पर कानपुर रहा। कानपुर का एक्यूआई मंगलवार को 383 प्रतिघन मीटर रहा। यहीं नहीं पीएम 10 और पीएम 2.5 में भी मंगलवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। गाजियाबाद में पीएम 10 का स्तर 593 और पीएम 2.5 का स्तर 384 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को पीएम दस 577 और पीएम 2.5 का स्तर 354 प्रति घनमीटर था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि प्रदूषण को कम करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार नगर निगम और जीडीए के साथ मिलकर सड़कों और फैक्ट्रियों के पास पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
सुबह ज्यादा दोपहर में सामान्य हो रहा प्रदूषण का स्तर
गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा खराब सुबह और रात के समय हो रही है। हालांकि पिछले दो दिनों से मंगलवार को सुबह और रात के समय प्रदूषण का स्तर कुछ कम हुआ है। मंगलवार को सुबह 11 बजे पीएम 10 का स्तर सबसे अधिकतम रहा। इस दौरान पीएम 10 का स्तर 877 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जबकि पीएम 2.5 सुबह नौ बजे अधिकतम स्तर पहुंचा। इस दौरान पीएम 2.5 का स्तर 545 प्रति घनमीटर रहा। सोमवार को पीएम 2.5 का स्तर 650 और पीएम 10 का स्तर 900 से अधिक दर्ज किया गया था। हालांकि आंकड़ों की मानें तो शाम के समय प्रदूषण का स्तर काफी न्यूनतम स्थिति में पहुंच रहा है। सुबह के मुकाबले शाम को चार से पांच बजे के करीब हवा की गुणवत्ता अच्छी है।
एक तरफ तो हो रहा छिड़काव दूसरी तरफ उड़ाई जा रही धूल
शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नगर निगम और जीडीए एक ओर जगह-जगह पानी का छिड़काव करा रहा है तो वहीं सफाई के नाम पर नगर निगम कर्मचारी धड़ल्ले से धूल उड़ा रहे हैं। रात को सड़कों पर झाड़ू लगाने से पहले पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इस दौरान इतनी ज्यादा धूल उड़ती है कि सामने दिखाई तक नहीं देता। ऐसी ही धूल उड़ाने वाली एक वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो रही है।
शहर एक्यूआई
गाजियाबाद 451
गुरुग्राम 426
बुलंदशहर 414
फरीदाबाद 413
नोएडा 408
हापुड़ 406
दिल्ली 401
बागपत 401
ग्रेटर नोएडा 394