गाजियाबाद के लोनी में एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने नाबालिग दोस्त, उसकी मां समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और नाबालिग दोस्त से पूछताछ कर रही है।
बॉर्डर थाना क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में बाजार से घर लौट रहे 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने पूर्व रंजिश के चलते बेटे को घेरकर हमला करने का आरोप लगाते हुए नाबालिक, उसकी मां समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिक दोस्त से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
बेहटा हाजीपुर में पांडेय की चक्की के पास रहने वाले राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा विनेश शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे घर से टूटी चप्पल जुड़वाने और अंडरवियर खरीदने के लिए बाजार गया था। वह घर से 200 रुपये लेकर निकला था। सामान खरीदने के बाद वह रेलवे ट्रैक के सहारे वाले रास्ते से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद नाबालिक दोस्त, उसकी मां जमुना, नाबालिक का मामा निवासी अज्ञात और दो अन्य अज्ञात लोगों ने विनेश को घेर लिया। आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनेश को उपचार के लिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता का आरोप है कि आरोपी दोस्त उनके बेटे से काफी समय से रंजिश रखता था। विनेश के दौड़ने और पढ़ाई में तेज होने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी पूर्व रंजिश में सभी आरोपियों ने एक राय होकर घटना को अंजाम दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मृतक 12वीं क्लास में पढ़ता था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। अभी तक की जांच में सामने आया है कि चाकू लगने के बाद मृतक को उसके दोस्त अस्पताल ले गए थे।
विज्ञापन
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पुलिस को रात करीब 12:30 बजे सूचना दी गई। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। नाबालिक दोस्त ने पूछताछ में बताया कि कुछ लड़के मृतक को पीट रहे थे। वह उन्हें नहीं जानता। एसीपी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।