गाजियाबाद। नवरात्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इस कड़ी में शनिवार को विभाग की पांच टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान कुल 164.29 क्विंटल कुट्टू व उसका आटा जब्त किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य आशुतोष राय ने बताया कि यादव नगर स्थित अजंता कोल्ड स्टोरेज से 205 बोरी (करीब 61.50 क्विंटल) साबुत कुट्टू बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.92 लाख रुपये है। संदिग्ध गुणवत्ता के चलते नमूना लेकर पूरा स्टॉक सीज कर दिया गया।
इसी तरह साउथ जीटी रोड स्थित हंस सीड कोल्ड स्टोरेज से 165 बोरी (करीब 82.50 क्विंटल) कुट्टू जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4.53 लाख रुपये आंकी गई। कविनगर के गोयल स्टोर से भी साबुत कुट्टू और कुट्टू का आटा जब्त किया गया। गोविंदपुरम स्थित एसके ट्रेडिंग से नमूने लेकर 20 किलो साबुत कुट्टू और 25 किलो कुट्टू गिरी को सीज कर व्यापारी की अभिरक्षा में दिया गया। वहीं, मोदीनगर के चौधरी प्रोविजनल स्टोर से कुट्टू आटे का नमूना लेकर 4.5 किलोग्राम स्टॉक सीज किया गया। सभी नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुराना कुट्टू सेहत के लिए खतरनाक : सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि लंबे समय तक रखा कुट्टू या उसका आटा माइक्रोटॉक्सिन विकसित कर सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। फिजिशियन डॉ. संतराम के अनुसार, कुट्टू का आटा एक महीने के भीतर खराब होने लगता है। इसके सेवन से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।