निर्माणाधीन मॉल की दीवार गिरी, एक मजदूर की मौत, दो घायल
गाजियाबाद। घटिया निर्माण सामग्री की वजह से आकाश नगर में जमींदोज हुई बिल्डिंग और इसमें हुई दो मौत के बाद भी जीडीए और प्रशासन के अधिकारियों की नींद नहीं टूटी। रविवार को राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन मॉल केडब्ल्यू दिल्ली-6 की बाउंड्रीवाल गिरने से बगल की सोसायटी में काम कर रहे तीन मजदूर दब गए। इनमें एक मजदूर की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक के परिजनों ने दो बिल्डर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन केडब्ल्यू दिल्ली-6 मॉल की बाउंड्रीवाल से केडीपी ग्रुप की सोसायटी सटी हुई है। रविवार को केडीपी सोसायटी में मजदूर दिल्ली-6 मॉल की बाउंड्रीवाल के पास झाड़ियां साफ-सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब आठ फीट ऊंची और 20-25 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल भरभराकर गिर गई। यहां काम कर रहे मजदूर हारुन (35) निवासी सद्दीकनगर व इस्लाम नगर के रहने वाले इरशाद और फिरोज मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हारुन को मृत घोषित कर दिया। वह मूलरूप से मेरठ के परीक्षितगढ़ का रहने वाला था। दो अन्य मजदूर इरशाद और फिरोज का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिहानी गेट पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। एसएचओ सिहानी गेट संजय पांडेय का कहना है कि मृतक के परिजनों की ओर से केडीपी सोसायटी के दो बिल्डरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, केडीपी बिल्डर मनोज गोयल का कहना है कि मॉल की बाउंड्रीवाल काफी दिनों से टेढ़ी थी। कई बार मॉल बनाने वाली कंपनी के पदाधिकारियों से उसे सही कराने के लिए कहा भी गया था, रविवार को हादसा हो गया। उनका कहना है कि मृतक और घायल मजदूरों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जीडीए अधिकारी बोले, घटना की नहीं है जानकारी
हादसे के बाद जीडीए चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह से संपर्क कर घटिया निर्माण के बारे में जानकारी की गई तो उनका कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। घटिया निर्माण की वजह से एक मजदूर की मौत के बावजूद जीडीए का कोई अधिकारी न तो मौके पर पहुंचा और न ही घायलों का हालचाल जानने अस्पताल।
जीडीए से रिपोर्ट लेकर की जाएगी कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट यशवर्धन कुमार का कहना है कि रविवार को राजनगर एक्सटेंशन में हुए हादसे के संबंध में जीडीए से जांच कराकर रिपोर्ट ली जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि घटिया निर्माण की जांच की गई थी या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होगी तो उसकी मदद के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।