वीकेंड पर आराम से घर से निकले मतदाता
गाजियाबाद। वीकेंड पर मतदान का दिन होने के चलते मतदाता आराम से घरों से निकले। शहरी इलाकों में ज्यादातर पोलिंग बूथ पर एक-एक करके लोग वोट देने पहुंचे जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पोलिंग बूथ पर सुबह से ही लाइन लगी रही। शहरी क्षेत्रों में सुबह के मुकाबले दोपहर और अपराह्न में बूथों पर वोट ज्यादा पड़े।
मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुका था। पहले डेढ़ घंटे में वोट प्रतिशत का आंकड़ा नगर निगम में जहां 10 प्रतिशत तक भी नहीं पहुंचा वहीं नगर पालिका में, जहां सुबह से वोटरों की लाइन थी वहां भी आंकड़ा 15 प्रतिशत तक भी नहीं पहुंच सका। वहीं पूर्वाह्न 11 बजे से वोट प्रतिशत बढ़ने का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया। मतदान का प्रतिशत 30 प्रतिशत के पार पहुंचा। वहीं 11 बजे के बाद और शहरी क्षेत्रों में ज्यादा संख्या में लोगों ने घर से निकलना शुरू किया। दोपहर एक बजे तक का वोट प्रतिशत अलग-अलग निकाय क्षेत्रों में 45 प्रतिशत से पार पहुंचा। इसके बाद यह सिलसिला यूं ही बढ़ता रहा और अपराह्न तीन बजे तक वोट में लगभग 10 प्रतिशत का इजाफा हुआ और फिर अंतिम चरण में भी वोट प्रतिशत लगभग 10 प्रतिशत तक बढ़ा।
प्रत्येक दो घंटे बाद कुछ यूं बढ़ा मतदान प्रतिशत
निकाय क्षेत्र 9 बजे तक 11 बजे तक दोपहर 1 बजे तक अपराह्न 3बजे तक शाम 5बजे तक
नगर निगम गाजियाबाद 9.86 13.15 27.88 35.40 40.12
नगरपालिका खोड़ा 14.06 23.04 32.29 39.82 52.21
नगरपालिका लोनी 11.25 18.08 30.60 40.75 49.53
नगरपालिका मोदीनगर 10.68 24.17 40.24 49.37 59.85
नगरपालिका मुरादनगर 14.70 32.16 47.61 59.78 68.34
नगर पंचायत डासना 10.86 27.12 40.14 46.32 59.37
नगर पंचायत फरीदनगर 10.06 25.08 44.97 59.58 69.78
नगर पंचायत निवाड़ी 12.35 33.05 53.33 68.78 74.96
नगर पंचायत पतला 8.85 25.09 50.05 61.61 75.34
-------------
ओवरऑल प्रतिशत में कई बार आया उतार-चढ़ाव
गाजियाबाद के ओवरऑल चुनाव प्रतिशत में कई बार उतार चढ़ाव आया। सेक्टर मजिस्ट्रेट की गलत रिपोर्ट की वजह से शाम 6 बजे तक जो ओवरऑल वोट प्रतिशत 61.65 था, रात में 45.38 पर सिमट गया। सुबह नौ बजे तक ओवरऑल प्रतिशत 24.80 रहा। पूर्वाह्न 11 बजे तक यह प्रतिशत 24.80 हो गया। दोपहर एक बजे तक तक ही ओवरऑल औसत प्रतिशत 40.79 हो चुका था। इसके बाद अपराह्न तीन बजे तक यह प्रतिशत 51.26 प्रतिशत हो गया। हैरत की बात तो यह है शाम पांच बजे तक वोट प्रतिशत एक बार 61.65 प्रतिशत बताया गया। इसके बाद जब दोबारा मिलान किया गया तो यह प्रतिशत संख्या कई बार घटा और बढ़ा और आखिर में ओवरऑल वोट प्रतिशत महज 45.38 पर अटक गया।