फोटो संख्या:दो नंबर
एक दिसंबर से प्लांट में आएगा हापुड़ शहर का 80 टन कूड़ा
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और नगर पालिका परिषद हापुड़ के बीच हुआ करार
- वर्तमान में पिलखुवा का 16 टन कूड़े से प्लांट में बन रहा है जैविक खाद
अमर उजाला ब्यूरो
पिलखुवा। 8.79 करोड़ की लागत से गांव मुकीमपुर में बने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में एक दिसंबर से हापुड़ शहर का कूड़ा आना शुरू हो जाएगा। नगर पालिका परिषद हापुड़ और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के बीच करार हो गया है। यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में वर्तमान में पिलखुवा के 16 टन कूड़े से जैविक खाद बन रहा है। हापुड़ का कूड़ा आने के बाद यहां प्लांट में कूड़े की क्षमता बढ़ जाएगी।
नगर पालिका परिषद पिलखुवा द्वारा कूड़ा निस्तारण करने की समस्या का समाधान करते हुए पूर्व में गांव मुकीमपुर में 8.79 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण कराया था। छह महीने पूर्व प्लांट का निर्माण पूरा होने के बाद प्लांट में कूड़े से खाद बनना शुरू हो गया था, लेकिन कूड़े की कमी के कारण प्लांट ज्यादा समय तक नहीं चल पा रहा था। अब जल्द प्लांट में कूड़े की क्षमता बढ़ने वाली है। नगर पालिका परिषद हापुड़ और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के बीच करार हो गया है जिससे हापुड़ शहर के 80 टन कूड़े से भी यहां जैविक खाद बनेगा।
प्रोजेक्ट मैनेजर जीएस मिश्रा ने बताया कि प्लांट और नगर पालिका परिषद हापुड़ के बीच कूड़ा लेने के लिए एग्रीमेंट हो गया है। एक दिसंबर से यहां हापुड़ शहर का 80 टन कूड़ा आना शुरू हो जाएगा। प्लांट को नगर पालिका हापुड़ 184 रुपये प्रति टन रुपये के हिसाब से भुगतान भी करेगा। वर्तमान में पिलखुवा के 16 टन कूड़े से जैविक खाद बनाया जा रहा है। हापुड़ का कूड़ा आने के बाद उसका भी जैविक खाद बनेगा।
भविष्य में अन्य स्थानों का कूड़ा निस्तारित करने की योजना
पिलखुवा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में भविष्य में कई और स्थानों का कूड़ा निस्तारित करने की योजना है। इनमें बाबूगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना शामिल हैं। प्लांट प्रबंधन की इन सभी स्थानों से एग्रीमेंट की बातचीत चल रही हैं।