किशोर को अगवा कर अलीगढ़ में हत्या
नगर के मोहल्लाकसाई बाड़ा से चार दिन पहले लापता हुए नाबालिग लड़के की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मोहल्ले के ही उसके दो दोस्तों पर है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने नाबालिग के शव को बरामद करने के लिए टीम को अलीगढ़ भेज दिया है। पुलिस जल्द ही वारदात के खुलासे की बात कह रही है। वहीं हत्या की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
कसाईबाड़ा निवासी चिरागु ने पुलिस को बताया कि 28 जून की शाम बेटा जुनैद (16) संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब जुनैद नहीं मिला तो नगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
सोमवार सुबह परिजनों ने उसके दो दोस्तों पर शक जताया। पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए दोनों को हिरासत में लिया तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि एक दिन जुनैद ने उन्हें अपने घर आने से रोक दिया था। इससे उनको बेइज्जती का अहसास हुआ। जिसके चलते दोनों ने उसे ठिकाने लगाने की ठान ली थी।
28 जून की शाम जुनैद को ईद की सीर खिलाने के बहाने बाइक से सिकंदराबाद ले गए। इसके बाद उसे अगवा कर अलीगढ़ ले गए। खैर के जंगल में जुनैद की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के कई टुकड़े कर दिए।
हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने जुनैद की हत्या प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर की है। पुलिस की एक टीम शव को बरामद करने के लिए अलीगढ़ रवाना हो गई है।
वहीं हत्या की जानकारी मिलने के बाद जुनैद के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि पुलिस ने संजीदगी दिखाई होती तो जुनैद की जान बच सकती थी।
एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि जुनैद की हत्या कर शव अलीगढ़ के जंगल में फेंक दिया है। दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।