सीलिंग की कार्रवाई, सेंट जेवियर्स के बच्चों का भविष्य अधर में
गाजियाबाद। जीडीए की ओर से मोरटा के सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल को बीते मंगलवार को सील कर दिया गया। आनन-फानन में जीडीए की कार्रवाई से स्कूल में पढ़ने वाले करीब 650 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। बच्चे का दाखिला कराने के साथ पूरी फीस जमा कर चुके अभिभावकों को कुछ सूझ नहीं रहा है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन ने बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा और जीडीए सचिव संतोष कुमार राय से मुलाकात की।
जीडीए उपाध्यक्ष ने नक्शा संबंधी कागजी कार्रवाई पूरी करने पर दो दिनों के अंदर सीलिंग को खोलने का आश्वासन दिया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूल की कंपाउंडिंग के लिए नक्शा जमा करवाया गया था। जीडीए की ओर से उनका नक्शा रिजेक्ट कर दिया गया। इसकी जानकारी दिए बगैर ही सीलिंग की कार्रवाई कर दी। स्कूल की ओर से निगम के कूड़ा डालने का विरोध किया गया था, इसलिए निगम के दबाव में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पांच जुलाई से स्कूल खुलना था, अब प्रवेश लेेने वाले बच्चों के अभिभावक परेशान हैं।
दूसरी ओर एकाएक स्कूल सील करने की कार्रवाई को अभिभावकों ने भी कठघरे में खड़ा किया है। बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ मामला होने के चलते स्कूल प्रबंधन को नक्शा जमा करने का समय दिया जाना चाहिए था। अचानक से कार्रवाई कर स्कूल को सील करने से बच्चों का ही नुकसान होगा। अगर सीलिंग जल्द नहीं खुलती है तो बच्चों की पढ़ाई का नुकसान होगा। स्कूल में फीस जमा करा चुके हैं, तो ऐसे में दूसरे स्कूल में दाखिले का विकल्प उनके पास नहीं बचा है।