वसूली में आएगी तेजी, शिकायतों का समय से होगा निस्तारण
गाजियाबाद। जीडीए ने बकाएदारों पर शिकंजा कसने के साथ लोगों की शिकायत के समाधान की दिशा में काम तेज कर दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन अनुभाग को 20 लाख से ऊपर के बकाएदारों से वसूली की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। प्राधिकरण की ओर से नई कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर प्राधिकरण के सिंगल विंडो सिस्टम और आईजीआरएस पर आने वाले शिकायतों का अधिकारियों व कर्मचारियों को तय समयसीमा के अंदर निस्तारण करना होगा।
करीब दो सप्ताह पहले जीडीए वीसी ने वित्त, अभियंत्रण, नियोजन, प्रवर्तन सहित सभी अनुभागों के प्रभारियों को 30 जून तक सिंगल विंडो सिस्टम व आईजीआरएस संबंधी वादों को निपटाने या उसके बावजूद काम पूरा नहीं होने पर कर्मियों का वेतन जारी नहीं करने के आदेश दिए थे। जीडीए की प्राथमिकता सिंगल विंडो व जनहित गारंटी के शत-प्रतिशत मामलों को हर हाल में निपटाने की है। जनहित गारंटी से जुड़े मामलों की शासन की ओर से कड़ी मॉनीटरिंग की जा रही है। वहीं, जीडीए में बीते साल एक दिसंबर से लागू हुई सिंगल विंडो सिस्टम योजना की खुद जीडीए उपाध्यक्ष नियमित समीक्षा कर रही हैं।
दूसरी ओर वसूली प्रक्रिया को तेज करने के लिए नई कार्ययोजना में नए बकाएदारों की सूची भी तैयार की गई है। जुलाई से नए सिरे से वसूली अभियान शुरू होगा। सूची के अनुसार पहले नोटिस और फिर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। अगले माह करीब 50 करोड़ वसूली का लक्ष्य तय किया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने सभी जोन के प्रवर्तन अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण की योजना बकाया वसूली पर फोकस कर अपना खजाना भरने की है। प्रवर्तन अनुभाग में जोनवार अधिकारियों को बकाया वसूली का टारगेट दिया गया है। बड़े बकाएदारों के साथ 20 लाख से कम बकाया वाले करीब 2500 अन्य बकाएदारों को भी चिह्नित किया गया है।