गोशालाओं के कुप्रबंधन पर दो वीडियो निलंबित
मोदीनगर/गाजियाबाद। मोदीनगर व भोजपुर क्षेत्र की गोशालाओं में कुप्रबंधन और अव्यवस्था को देखने के बाद डीएम ने दो वीडीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। एमसडीम ने इन गोशालाओं का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें कई खामियां मिली थीं। इसके बाद डीएम ने दो ग्राम विकास अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही ग्राम प्रधानों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एसडीएम डीपी सिंह एवं तहसीलदार राजबहादुर सिंह ने मंगलवार को ग्राम औरंगाबाद गदाना और सैदपुर हुसैनपुर डीलना के गोशालाओं का निरीक्षण किया था। निरीक्षण भारी अनियमितताएं पाई गईं। पशुओं के लिए पानी-चारा की व्यवस्था सही नहीं थी और गर्मी से बचाव की व्यवस्था न होने से बहुत से पशु बीमार थे। टैगिंग का कार्य भी पूरा नहीं किया गया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने जब वीडीओ को फोन किया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। डीएम रितु माहेश्वरी ने जिला पंचायती राज अधिकारी को डीलना के ग्राम विकास अधिकारी विपिन कुमार और गदाना के ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। भोजपुर के खंड विकास अधिकारी फैजल आलम को कार्यों में लापरवाही बरतने को लेकर कड़ी चेतावनी दी गई है। सभी ग्राम प्रधानों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।