हाइवे पर दिनदहाडे़ किसान से 47 हजार रुपये लूटे
अरनिया। मुनि गांव के पास थाने से महज 300 मीटर दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाडे़ किसान से 47 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने बदमाशों ने किसान से मारपीट भी की। शोर मचाने पर जब तक लोग पहुंचे, तब तक बदमाश भाग चुके थे। क्षेत्र में पांच दिन के भीतर लूट की यह दूसरी घटना है। जबकि पुलिस ने 25 मई को हुई लूट की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है। लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत है। पीड़ित किसान ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव घटाल निवासी किसान नरेश पुत्र हरी सिंह बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.20 बजे गांव मुनी स्थित जिला सहकारी बैंक से रुपये निकालने गया था। बैंक से 47 हजार रुपये निकालने के बाद वह साइकिल से अपने घर जा रहा था। रास्ते में हाइवे पर गांव मुनी के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और साइकिल पर थैले में टंगे 47 हजार रुपये लूट लिए। किसान ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक बदमाश थाने की तरफ भाग गए। सूचना पर सीओ टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित किसान ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। बता दें कि पांच दिन पहले 25 मई को क्षेत्र के सुरजावली गांव के जंगल में खुटैना निवासी कार चालक बंटी से भी बदमाशों ने आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीट-पीट कर अधमरा कर दिया था और बंबे में फेंककर चले गए थे। पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने अब तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।