चढ़त के दौरान भिड़े बाराती, दूल्हे को बनाया बंधक
बीबीनगर । कस्बा क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात बारात चढ़त के दौरान वर और वधू पक्ष में मारपीट हो गई। दूल्हा समेत बारातियों ने शराब के नशे में वधू पक्ष के लोगों के साथ जमकर मारपीट की। माहौल को देख वर पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही सैकड़ों बाराती खेतों के रास्ते भाग गए, जबकि वधू पक्ष ने कई दूल्हा समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया। बृहस्पतिवार देर शाम तक बाराती बंधक बने हुए थे। दोनों तरफ से समझौते के प्रयास जारी थे।
बुधवार रात बीबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। बारात के आने के बाद बारातियों को नाश्ता कराया गया। तभी चढ़त के दौरान दूल्हा समेत बारातियों के शराब पीकर हंगामा व वधू पक्ष की महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। इससे दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बारातियों ने गांव में जमकर तांडव मचाते हुए दुल्हन के भाई व पिता के साथ भी मारपीट की। माहौल को देखते हुए वर पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। तभी किसी बाराती ने डायल 100 पर फोन कर गांव में कई हत्याएं होने की सूचना दे दी। सूचना पर बीबीनगर थाना प्रभारी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के गांव में पहुंचते ही बाराती खेतों के रास्ते भाग गए, जबकि दूल्हा समेत अनेकों महिलाओं व पुरुषों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। दुल्हन के परिजनों ने बताया कि वर पक्ष के शादी से इंकार करने पर दूल्हा समेत परिजनों को बंधक बनाया गया है। वर पक्ष के लोग अपने गांव के लोगों को बुला रहे हैं। समझौता होने पर ही वर पक्ष को छोड़ा जाएगा। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। ग्रामीण वधू पक्ष के घर डेरा डाले हुए हैं। देर शाम तक दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास जारी था। वहीं, बीबीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार रात में सूचना पर पुलिस फोर्स गांव गई थी। दोनों पक्षों ने शादी करने से भी इंकार किया है। दूल्हा समेत बारातियों ने शराब पीकर हंगामा किया व पड़ोस की महिलाओं के साथ अभद्रता की। अब स्थिति सामान्य है। वर वधू पक्ष के लोगों में समझौते का प्रयास जारी है। किसी को भी बंधक नहीं बनाया गया है। मामले की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।