घर बैठे 400 करोड़ की 250 संपत्तियों को खरीदने का मौका
गाजियाबाद। जीडीए की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों को अब लोग घर बैठे खरीद सकेंगे। प्राधिकरण की ओर से पहली बार 2000 वर्ग मीटर से छोटी संपत्तियों की ऑनलाइन ई-नीलामी की जाएगी। ऐसे में शहरवासियों के पास घर बैठे ही 400 करोड़ की 250 संपत्तियाें को खरीदने का मौका होगा। नीलामी की प्रक्रिया छह जून से 19 जून तक चलेगी। ई-नीलामी का मकसद जीडीए का अपना खजाना भरकर विकास योजनाओं को रफ्तार देने का है।
अधिकांश संपत्तियों की आरक्षित राशि 30 से 35 लाख तक है। नीलाम होने वाली संपत्तियां जीडीए की मधुबन बापूधाम योजना, इंदिरापुरम योजना, इंद्रप्रस्थ योजना, तुलसी निकेतन, कौशांबी योजना, कोयल एंक्लेव योजना, वैशाली योजना, कर्पूरीपुरम योजना, स्वर्णजयंतीपुरम योजना, प्रताप विहार योजना सहित अन्य योजनाओं में शामिल हैं। नीलामी में व्यावसायिक भूखंड, कंवीनियेंट शॉपिंग भूखंड, सामुदायिक केंद्र, कियोस्क, अस्पताल, नर्सिंग होम, आर्ट गैलरी, आवासीय भूखंड, दुकान, ग्रुप हाउसिंग, पेट्रोल पंप, हॉल सहित आदि संपत्तियां शामिल हैं। प्राधिकरण की ओर से पहली बार की जाने वाली ई-नीलामी प्रक्रिया के चलते अब लोगों को संपत्तियों को खरीदने के लिए प्राधिकरण के चक्कर नहीं काटने होंगे। पहले खुली बोली में लोगों के रुचि नहीं दिखाने और फिर शासन की ओर से सभी प्राधिकरणों में ई-नीलामी के आदेश के बाद नई व्यवस्था लागू की गई है।
---
ई-नीलामी प्रक्रिया में ऐसे हो सकेंगे शामिल
जीडीए की ई-नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए लोगों के अपनी निविदा एचडीएफसी बैंक लिमिटेड की वेबसाइट U https://gda.procure247.com पर अपलोड करनी होगी। लोगों को नीलामी प्रक्रिया से एक दिन पहले इस वेबसाइट पर लोगों को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। नीलामी तिथि को सील्डबिड सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तक अपलोड की जा सकेगी। फिर नीलामी शाम को तीन बजे से छह बजे तक चलेगी। ई-नीलामी को आवेदन पत्र के साथ संलग्न प्रारूप पर इस आशय का नोटराइज्ड फोटो सहित शपथ-पत्र अपलोड करेगा, कि उसकी हैसियत ऐसी है कि ई-नीलामी में सफल होने पर संपत्ति के आवंटन के बाद भुगतान करने में सक्षम होगा।
---
कोट...
प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में छोटी संपत्तियों की पहली बार ई-नीलामी की जाएगी। ई-नीलामी में व्यावसायिक और आवासीय भूखंड शामिल हैं। - कंचन वर्मा, उपाध्यक्ष, जीडीए