बारिश ने की टीएचए की बत्ती गुल
साहिबाबाद। टीएचए में बारिश के चलते लोगों को रविवार रात और शनिवार को बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। कॉलोनियों में करीब तीन से चार घंटे की कटौती हुई। दिनभर लोग बिजली की समस्या से परेशान रहे। जब-जब बारिश रुकी तो कर्मचारियों ने फॉल्ट ठीक कर सप्लाई को सुचारु किया। राजेंद्र नगर में बारिश की वजह से सबस्टेशन के पैनल बॉक्स में फॉल्ट आ गया। इसकी वजह से बिजली सप्लाई ठप हो गई। फॉल्ट रात करीब दस बजे आया था, जिसे रात करीब एक बजे तक ठीक किया गया। इस दौरान लोगों को तीन घंटे गर्मी और मच्छरों से परेशान होना पड़ा। वहीं रिमा गार्डन, कड़कड़ मॉडल गांव, झंडापुर, वसुंधरा आदि में लोकल फॉल्ट होने से दो से तीन घंटे की कटौती रही। इसके अलावा दिन में भी लगातार हो रही बारिश की वजह से वसुंधरा सेक्टर पांच में फॉल्ट आ गया, जिससे दोपहर एक से तीन बजे के बीच बिजली सप्लाई ठप रही। शहीद नगर, पसौंडा, राजीव कॉलोनी, भोपुरा, तुलसी निकेतन में भी दिन में अलग-अलग समय लोकल फॉल्ट की वजह से तीन से चार घंटे बिजली गुल रही। दिनभर लोग बिजली की समस्या से परेशान रहे। अधीक्षण अभियंता जीडी द्विवेदी ने बताया कि बारिश की वजह से लोकल फॉल्ट हो गया था, जिस कारण सप्लाई प्रभावित रही।
पानी की समस्या से भी जूझे लोग
बिजली कटौती के चलते नगर निगम पानी स्टोर नहीं कर सका। इसकी वजह से कॉलोनियों में सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित रही। झंडापुर, राजीव कॉलोनी, वसुंधरा, वैशाली, राजेंद्र नगर, आदि कॉलोनियों में दो घंटे की बजाए एक घंटे ही पानी की सप्लाई हो सकी। इस कारण लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि रविवार की रात में बिजली कटौती होने से सुबह जलापूर्ति प्रभावित रही।