पहले डर गए थे किशोर, फिर हिम्मत जुटा भिड़े
मुरादनगर। तीन किशोरों की सतर्कता से मुरादनगर स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। आरोपी युवक से पहले तीनों किशोर डर गए थे, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर उन्होंने शोर मचाया और युवक से भिड़ गए। लोगों की मदद से आरोपी फुरकान को पकड़वा दिया।
शिवा, तुषार और सचिन का कहना है कि फिश प्लेट गायब करने वाले युवक ने उनसे मोबाइल मांगा था। युवक ने अपने पीछे लोहे की कोई वस्तु छिपा रखी थी। मोबाइल देने से इंकार करने पर आरोपी गाली-गलौच करने लगा। एक बार तो तीनों किशोर उससे डर गए, लेकिन यात्रियों की जान बचाने के लिए तीनों उससे भिड़ गए। कम उम्र होने बावजूद शिवा और तुषार मजदूरी करते है, जबकि सचिन आयुध निर्माणी परिसर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आठवीं का छात्र है। उधर, जीआरपी एसएचओ कृष्ण अवतार का कहना है कि प्राथमिक जांच में फुरकान नशेड़ी पाया गया है। वह सही जानकारी नहीं दे पा रहा है। उसकी आईडी व अन्य कागजों की जांच की जा रही है। वह सुबह करीब सात बजे रेलवे ट्रैक पर आ गया था। स्टेशन पर घूमता हुआ करीब 800 मीटर दूर फिश प्लेट खोल ली। उसकी बहन नगर की ईदगाह कालोनी में रहती है। वह अपनी बहन के घर आया हुआ था।
पांच मिनट देरी से सूचना मिलती तो जाता हादसा
स्टेशन मास्टर का कहना है कि यदि फिश प्लेट चोरी की सूचना पांच मिनट बाद मिलती तो देहरादून एक्सप्रेस ट्रैक से गुजर जाती। सुबह सात बजे निकलने वाली दिल्ली-अंबाला पैसेंजर भी इसी रूट से जाती है। उसे कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया था।
पालिका क्षेत्र में खुले में शौच के दावे हवा-हवाई
नगर पालिका जहां शहर को खुले में शौच मुक्त करने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पालिका क्षेत्र की दयानंद कालोनी निवासी किशोर शिवा, तुषार और सचिन खुले में शौच के लिए जाते हैं। जहां खुले में शौच जाने पर किशोरों की सतर्कता से रेलवे का बड़ा हादसा होने से बच गया।