किशोरों की सूझबूझ से बचा बड़ा रेल हादसा
मुरादनगर। तीन किशोरों की सूझबूझ से शुक्रवार को बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। दिल्ली-मेरठ रेलवे ट्रैक पर मुरादनगर स्टेशन और गंगनहर के बीच बुलंदशहर निवासी एक युवक ने ट्रैक से फिश प्लेट खोलकर झाड़ियों में फेंक दी। वहां से गुजर रहे तीन किशोरों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। फिश प्लेट बदलने के लिए देहरादून एक्सप्रेस को स्टेशन पर करीब पौन घंटे रोकना पड़ा, जिसके चलते यात्रियों ने हंगामा किया।
दयानंद कालोनी निवासी शिवा (16) पुत्र विजय, तुषार (15) पुत्र अजय और सचिन (14) पुत्र अशोक शुक्रवार सुबह सवा आठ बजे रेलवे ट्रैक के पास खेत में शौच करने गए थे। लौटते वक्त देखा कि एक युवक रेलवे ट्रैक पर बैठा है। तुषार ने अचानक देखा कि नट-बोल्ट खुले हैं और फिश प्लेट अलग पड़ी है। किशोरों ने फुरकान नाम युवक को दबोच लिया। स्टेशन मास्टर गौरव सिंह ने इसकी सूचना दिल्ली कंट्रोल रूम, जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि पोल संख्या 38/19 के पास फिश प्लेट खुलने की सूचना पर स्टेशन पर 08.59 बजे दिल्ली से आई देहरादून एक्सप्रेस रोक ली गई। फिश प्लेट बदलने के बाद 09.46 बजे ट्रेन को रवाना किया गया।