वसुंधरा सेक्टर-4 और ब्रह्मपुत्र एंक्लेव में वन बीएचके फ्लैटों की शनिवार को मेरठ में नीलामी होगी। इसमें वसुंधरा सेक्टर-4 में 19 और ब्रह्मपुत्र एंक्लेव्य में15 फ्लैटों की नीलामी होगी। इस बार फ्लैटों की नीलामी में शामिल होने के लिए करीब 150 लोगों ने फॉर्म भरे हैं।
अधीक्षण अभियंता केए सिंघल ने बताया कि मेरठ में शक्ति नगर के पास जाग्रति विहार सेक्टर-3 के कम्युनिटी सेंटर में सुबह 10 बजे से नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। नीलामी में अधिकांश लोग वसुंधरा सेक्टर-4 में आदर्श पार्क के सामने स्थित आवास विकास के फ्लैटों के लिए बोली लगाएंगे। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुत्र एंक्लेव्य के सभी फ्लैट बुक हो चुके हैं।
इसमें 15 फ्लैट ऐसे हैं, जिनकी लोग रुपये नहीं जमा कर सके हैं। इन फ्लैटों की भी नीलामी की जा रही है।
15 लोगों ने बोली लिखकर बंद किए हैं लिफाफे
- नीलामी में फ्लैटों की खरीद के लिए जो लोग मेरठ नहीं जा सकते हैं उनमें शुक्रवार को 15 लोगों ने अपनी बोली लिखकर आवास विकास में अपने लिफाफे जमा किए हैं। नीलामी के बाद अधिकारी इस फॉर्म को खोलेंगे और अगर उसमें दर्ज कीमत वहां लगाई गई अंतिम बोली से ज्यादा हुई तो फ्लैट उन्हें मिल सकेगा।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
आवास विकास के फ्लैटों में लोगों को सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिलेगा। इन फ्लैटों की कीमत 17 लाख से लेकर 24 लाख तक है। इसमें ग्राउंड फ्लोर के फ्लैटों की कीमत अधिक है, जबकि ऊपरी मंजिल के फ्लैट सस्ते हैं। इसमें लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना और वुमेन पावर के तहत करीब दो से ढाई लाख रुपयों तक की छूट मिल जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पहले चरण में 19 फ्लैटों की नीलामी होने जा रही है। इसमें लोगों को 10 से 13 हजार रुपये प्रतिमाह की आसान किश्तों पर फ्लैट मिल सकेगा।