रबूपुरा/ककोड़ (बुलंदशहर)। जौनचाना व खाजपुर समेत तीन गांवों में मंगलवार को कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी खाने से 15 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से छह एक ही परिवार के हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छह खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, झाझर चौकी क्षेत्र के गांव खाजपुर निवासी दवेंद्र (38) ने बताया कि उसने पास के ही दुकानदार के यहां से कुट्टू का आटा खरीदा था।
मंगलवार को प्रथम नवरात्र पर परिवार के सभी लोगों ने कुट्टू के आटे की पकौड़ी का सेवन किया था। शाम के समय उनकी पुत्री योगिता (17), डौली (16), सतीश (11), लक्ष्मी (12) और संजय (34) की तबीयत अचानक खराब होने लगी। सभी को सिरदर्द और चक्कर के बाद उल्टियां होने लगीं। देवेंद्र सभी को लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचे। चिकित्सक ने बताया कि सभी को फूड प्वाइजनिंग है।
वहीं, गांव जौनचाना के नौ लोगों ने भी कुट्टू के आटे के सेवन से तबीयत खराब होने की शिकायत की है। इन लोगों ने भी झाझर स्थित दुकान से ही आटा खरीदा था। इन सभी लोगों को भी उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। खाद्य विभाग के सीएफएसओ मनोज कुमार, यशपाल, धनंजय और केपी की टीम ने चार दुकानों से कुट्टू के आटे, सरसों का तेल, अरहर की दाल और मुनक्का आदि के नमूने लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
यह बरतें सावधानी
खाद्य विभाग के डीओ ने कहा कि हमेशा कुट्टू का पैकेट वाला आटा ही खरीदें और पैकेट पर एक्सपायरी डेट अवश्य देख लें। पैकेट वाले आटे में मिलावट होने की स्थिति में कार्रवाई करना आसान होता है। खुले आटे में मिलावट की आशंका अधिक होती है।
कुट्टू का आटा खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत मिली थी। मौके से छह सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। बरामद खाद्य सामग्री को सील कर दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - आरके गुप्ता, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग
दुकानें सील
स्वास्थ्य व खाद्य विभाग के अधिकारी आरके गुप्ता टीम के साथ झाझर के अस्पताल पहुंचे और मरीजों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद रामेश्वर दयाल, विनय कुमार, टीकाराम व दीपक कुमार दुकानदारों के पास पहुंचे और कुट्टू के आटे को बरामद कर दुकानों को सील कर दिया। साथ ही, उन्होंने बताया कि कुट्टू के आटे को जब्त कर सैंपल के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों दुकानदारों के खिलाफ संबधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।