पैठ बाजार को लेकर जीडीए वीसी ने की सुनवाई
नवयुग मार्केट में पैठ बाजार से जुड़े मामले पर शनिवार को जीडीए में सुनवाई हुई। वीसी कंचन वर्मा व अन्य अधिकारियों के समक्ष दोनों पक्षों ने अपने तर्क रखे। वीसी ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है।
संभावना है कि सोमवार को कोई निर्णय लिया जा सकता है। उधर, जिला प्रशासन के आदेश पर रविवार को नवयुग मार्केट में पैठ बाजार नहीं लगेगी क्योंकि कोर्ट के आदेश पर जीडीए को अंतिम फैसला लेना है।
बता दें कि नवयुग मार्केट में पैठ बाजार लगाने को लेकर स्थानीय व्यापारी और पैठ लगाने वाले व्यापारियों के बीच खींचतान चल रही है। नवयुग मार्केट से जुड़े व्यापारी मामले को लेकर हाईकोर्ट चले गए थे, जहां से कोर्ट ने संबंधित मामले को निपटाने के लिए जीडीए वीसी को अधिकृत किया है।
जीडीए सचिव रवींद्र गोडबोले ने बताया है कि शनिवार को वीसी की अध्यक्षता में दोनों पक्षों को सुना गया है। फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है क्योंकि सारे पक्षों के साथ नियम और कानून को भी देखना जरूरी है। सोमवार तक जीडीए की तरफ से कोई फैसला लिया जा सकता है।