इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर पांच निवासी रघुराज शर्मा के बैंक खाते से ठगों ने 1.46 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी आईजीएल गैस का बिल अपडेट करने के नाम पर हुई। पूरी रकम चार बार में खाते से निकाली गई। घटना 14 फरवरी की है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित रघुराज शर्मा ने बताया कि 14 फरवरी को एक नंबर से उनके पास कॉल आई। सामने वाले व्यक्ति ने खुद को आईजीएल कंपनी का अधिकारी बताते हुए उसने गैस का बिल अपडेट न होने की बात कही। आरोपी ने बिल अपडेट कराने के लिए सात रुपये प्रक्रिया शुल्क का भुगतान करने की बात कही। तथाकथित आईजीएल अधिकारी के कहने पर उन्होंने दो बार अपने डेबिट कार्ड से ठग के भेजे गए लिंक पर भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन नहीं हुआ। इसके बाद ठग ने उनसे डेबिट कार्ड की जानकारी मांगी और बैंक खाते से चार बार में 1.46 लाख रुपये निकाल लिए। रुपये कटने का मैसेज मोबाइल पर पास आया तो ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जिस बैंक खाते में रकम भेजी गई है, उसे फ्रीज करा दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।