गाजियाबाद। शहर के आठ चौराहों को जाम मुक्त करने के साथ-साथ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण 14 चौराहों का सुंदरीकरण भी कराएगा। चौराहों पर कलाकृतियों के साथ लाइटें भी लगाई जाएंगी।
विज्ञापन
जीडीए के चीफ इंजीनियर आलोक रंजन ने बताया कि इस कार्य पर 1.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। योजना पर नवंबर से ही काम शुरू करने की तैयारी है। जल्द नियमों के तहत कंपनी का चयन किया जाएगा। जीडीए राजनगर एक्सटेंशन, नेहरू नगर, हापुड़ रोड, जीटी रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों के चौराहों पर यह कार्य करेगा।
इसके साथ ही चौराहों को जाम मुक्त करने के लिए सेठ मुकुंद लाल चौराहे के पास काम शुरू कर दिया गया है, जहां यू-टर्न बनाया जा रहा है। दावा है कि जल्द इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद हापुड़ तिराहे को सिग्नल फ्री करने का कार्य होगा। प्रताप विहार में डीपीएस चौराहे के बाद काम शुरू किया जाएगा। जाम से निजात के लिए प्रमुख स्थानों पर यू-टर्न बनाए जा रहे हैं।