जहां प्रशासन और पुलिस लोगों से वोट डालने की अपील कर रहे हैं, वहीं, एनएच-24 पर स्थित महागुन पुरम सोसायटी के 1300 मतदाताओं ने गुंडई से डरकर शनिवार को मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने चुनाव आयोग को एक पत्र भी लिखा है। कविनगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सोसायटी के अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के पदाधिकारी सौरभ ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे सोसायटी के गेट पर पांच बदमाश आए। सोसायटी में अंदर आने के दौरान सुरक्षा गार्ड भरत ने पांचों से उनका नाम और पता पूछा, जिस पर बदमाशों उसे धमकाया और बुरी तरह पीटा।
बदमाश सोसायटी के अंदर दाखिल हो गए, इस पर सुरक्षा गार्ड अपने साथियों के साथ दोबारा बदमाशों को रोकने पहुंचा लेकिन बदमाशों ने उसकी और उनके साथियों की भी पिटाई कर दी। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने 100 नंबर पर कॉल की तो पांचों आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
वहीं, सोसायटी के अध्यक्ष ईश्वर चंद जिंदल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को पांचों बदमाश अपने कुछ और साथियों के साथ दो कारों में सवार होकर दोबारा सोसायटी में आए, जहां उन्होंने गार्ड को पहले धमकी दी। इसके बाद पौने 10 बजे फिर दो कारों में 15 बदमाश सोसायटी में आए।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास इस दौरान डंडे और हथियार थे। उन्होंने बताया कि सोसायटी में पहले तो उन्होंने गार्ड्स की पिटाई की। इसके बाद उन्होंने सिक्योरिटी रूम में जाकर तोड़फोड़ की। इसमें डीवीआरएएलईडी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान तोड़ दिया।
फिर बदमाश सोसायटी की मार्केट में गए। जहां उन्होंने सभी दुकानों को बंद करवा दिया और वहां मौजूद ग्राहकों की पिटाई भी कर दी। इसके बाद रेजिडेंट्स ने शुक्रवार को कविनगर थाने में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इस संबंध में एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रेजिडेंट्स ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र
सोसायटी में बढ़ते क्राइम के ग्राफ को लेकर और शनिवार को होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। जहां उन्होंने कहा कि अपराधियों से डर कर और पुलिस की लचर कार्रवाई से निशान होकर वह इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। सोसायटी में करीब 1300 वोटर हैं, जिन्होंने मतदान नहीं करने की बात कही है।
आरोपी बोले, पुलिस को देते हैं 50 हजार रुपये महीना
ईश्वर चंद जिंदल ने बताया कि बृहस्पतिवार को बदमाशों ने रेजिडेंट्स को खुली चेतावनी दी थी कि वह लगातार इस सोसायटी में यूं हीं आते रहेंगे। इसके लिए वह पुलिस को 50 हजार रुपये महीना देते हैं और पुलिस उनकी जेब में है।
सोसायटी और थाने में किया प्रदर्शन
महागुन पुरम सोसायटी के रेजिडेंट्स ने शुक्रवार को पुलिस के रवैये से परेशान होकर पहले सोसायटी और फिर कविनगर थाने में प्रदर्शन किया। इसके बाद वह एसएसपी से मिले। लोगों ने एसएसपी को बताया कि यह बदमाश लगातार सोसायटी में लड़कियों को लाते हैं। वह महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं।
कोट्स
महागुन सोसायटी के कुछ लोग उनसे मतदान नहीं करने की बात को लेकर मिले थे। उन्होंने सोसायटी में क्राइम की बात कही थी। इसके बाद रेजिडेंट्स को आश्वासन दिया गया है कि सोसायटी में एक पीसीआर, और पुलिस बल हमेशा तैनात रहेगा। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। - निधि केसरवानी, डीएम, गाजियाबाद