ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए जिला प्रशासन खोड़ा, कनावनी, लोनी और डासना नगर पंचायत के साथ मुरादनगर के 13 गांवों को जोड़ने की योजना बना रहा है। इन सभी क्षेत्रों के नक्शे का मिलान किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद दौरे के समय ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की घोषणा की थी। इसमें खोड़ा, लोनी व मुरादनगर को मिलाकर ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की योजना की थी। इसकी तैयारियां नगर-निगम, जीडीए और प्रशासन कर रहा है। पिछले हफ्ते जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि अधिकारियों को जनसंख्या और क्षेत्र के हिसाब से नक्शा देखकर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद दोबारा बैठक की जाएगी।
विभागीय सूत्रों की माने तो इन क्षेत्रों को किस तरह से जोड़ा जाए, ताकि यह ग्रेटर गाजियाबाद की शक्ल ले सकें, इस पर मंथन लगभग पूरा हो चुका है। ग्रेटर गाजियाबाद में खोड़ा, लोनी और डासना के साथ मुरादनगर के गाजियाबाद सीमा ने लगे 13 गांवों को जोड़ने की योजना है। इसका प्राथमिक नक्शा तैयार भी कर लिया गया है। हालांकि अभी इसे कुछ बदलाव के भी आसार बताए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद ग्रेटर गाजियाबाद का सही नक्शा सामने आ जाएगा। सभी विभागों की सहमति के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा।
नक्शों का किया जा चुका है मिलान
पहले चरण में सभी नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र के नक्शे निकलवाए गए थे। इन नक्शों को नगर निगम की सीमा से मिलाया गया। ग्रेटर गाजियाबाद में किस क्षेत्र के कितने गांव शामिल किए जाएंगे, इसको लेकर लगातार काम किया गया।