गाजियाबाद। 11 जुलाई से जिले में कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। शासन स्तर से कांवड़ मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में 13 सड़कों को चिन्हित किया गया है। मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और लोनी क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
कांवड़ यात्रा के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए शासन ने अलग से बजट का प्रावधान नहीं किया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों का सर्वे करने के बाद कुल 13 सड़कों की सूची तैयार की गई है। इनमें गाजियाबाद शहर की तीन व जिले के प्रमुख सड़कें शामिल हैं।
इस बार एक्सप्रेसवे पर भी अगर गड्ढा है, तो इसे भी लोक निर्माण विभाग की ओर से ही भरा जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने कार्य को कांवड़ यात्रा से पूर्व पूरा करने के लिए अलग-अलग टीमें लगा दी हैं। अवर अभियंता किशन कुमार ने बताया कि शासन की ओर से चार श्रेणियों में सड़कों को वर्गीकृत किया गया है। इसमें पहली श्रेणी में मुख्य, ग्रामीण, राजकीय और अन्य मार्गों शामिल हैं। अन्य मार्गों में शिव मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को शामिल किया गया है। इन सड़कों पर सर्वे में कई जगह गड्ढे पाए गए हैं। इसका कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
-ये प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त-
लोक निर्माण विभाग की ओर से कांवड़ियों की सुविधा के लिए कुल 13 सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा है। इनमें 45 किलोमीटर का कादराबाद से गाजीपुर मार्ग, 12.5 किलोमीटर गंगनहर पटरी मार्ग और 15 किलोमीटर पाइपलाइन मार्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
-इन सड़कों की भी होगी मरम्मत-
विभाग की ओर से प्रमुख मार्गों के अलावा अबूपुर मार्ग, शाहजादपुर मार्ग, जीटी रोड दूधेश्वरनाथ मार्ग, लोनी, एक्सप्रेसवे, सिंचाई विभाग की सड़कें, सुरहाना मंदिर मार्ग समेत अन्य मार्गों की मरम्मत होगी। इन सड़कों की 11 जुलाई से पहले मरम्मत करा दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामराजा ने बताया कि शासन की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सर्वे पूरा कर लिया गया है। कुल 13 सड़कें चिह्नित की गई हैं। इन सड़कों पर पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। ताकि शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा के दौरान समस्या न हो। यह कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से पूरा किया जाएगा।