गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में जिले के 123 स्टॉल लगे हैं। इनमें एक जिला एक व्यंजन में सोया चाप ने लोगों का ध्यान खींचा।
संयुक्त आयुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने बताया कि 94 स्टॉल जिला उद्योग केंद्र के हैं, बाकी आयुष और टेक्सटाइल समेत अन्य विभागों के हैं। एक्सपो में जिले के एमएसएमई को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह ऐसा मंच है जहां से छोटे उद्योग बेहतर बाजार पा सकते हैं। पहले दिन एक जिला एक व्यंजन के तहत सभी जिलों के व्यंजन मौके पर तैयार किए गए। गाजियाबाद की ओर से सोया चाप को अलग अंदाज में पेश किया गया। साथ ही मिर्च के अचार का स्टॉल भी लगाया गया है। पहले दिन गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से कारोबारियों में उत्साह बढ़ा।
जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सपो में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद भी हैं, जिनमें बेडशीट बनाने वाले समूह शामिल हैं। एक ही छत के नीचे छोटे और बड़े उद्योगों को मौका मिला है। इससे जुड़े लोगों को नया सीखने और लौटकर दूसरों को प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी। जिले की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई अधिकारियों को तैनात किया गया है।