अज्ञात वाहन की टक्कर से पीएसी के जवान की मौत
साहिबाबाद। मोहन नगर चौराहे पर बुधवार रात अज्ञात वाहन ने पीएसी की 41वीं बटालियन में तैनात कांस्टेबल की बाइक में टक्कर मार दी। घायल कांस्टेबल को राहगीरों ने मोहन नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के सहकर्मी ने साहिबाबाद थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
हरियाणा के भिवानी जिला स्थित चरखी दादरी थाना क्षेत्र के संतौर गांव निवासी महावीर सिंह (32) पीएसी में कांस्टेबल थे। वर्तमान में उनकी तैनाती वैशाली सेक्टर-1 स्थित पीएसी 41वीं वाहिनी में थी। वह बुधवार शाम छह बजे डाक ड्यूटी पर बाइक लेकर हापुड़ जा रहे थे। लिंक रोड पर रेलवे फ्लाईओवर पार करते ही उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह सड़क पर लहूलुहान पड़े रहे। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने घायल महावीर को मोहन नगर स्थित नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उपचार के दौरान महावीर की मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने चौकी प्रभारी को घटना की सूचना दी। पुलिस ने महावीर के परिजनों को सूचना दी। बृहस्पतिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक महावीर के सहकर्मी कांस्टेबल ओम प्रकाश यादव ने साहिबाबाद थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ साहिबाबाद जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है।
काम के प्रति समर्पित थे महावीर
सहकर्मी हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2006 में महावीर की भर्ती हुई थी। वह काम के प्रति समर्पित रहते थे। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को मूल निवास लेकर गए।