कुंभ मेले में इस बार ढोंगी बाबाओं की ‘नो एंट्री’
गाजियाबाद। ढोंगी साधुओं को इस बार कुुंभ मेले में एंट्री नहीं मिल सकेगी। कुंभ में जाने से पहले प्रत्येक साधु का सत्यापन आवश्यक होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने यह नई व्यवस्था शुरू की है।
इलाहाबाद में होने वाले कुंभ मेले को लेकर इस बार अखाड़ा परिषद के सदस्य मुख्यमंत्री से मिले थे। इसमें गाजियाबाद स्थित श्री दूधे्श्वरनाथ मठ मंदिर के महंत और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा वाराणसी के अंतरराष्ट्रीय मंत्री महंत नारायण गिरि भी शामिल थे। नारायण गिरि ने बताया कि कुंभ मेेले की तैयारियां अक्टूबर 2018 तक पूरी हो जाएंगी। इस बार मेले में कई नई व्यवस्था लागू की गई है। इसमें सुरक्षा के मद्देनजर इस बार सभी साधुओं का सत्यापन कराया जाएगा। इस मेले में सभी अखाड़ों के शिविरों के लिए भी शासन फंड देगा। साधुओं के वेरिफिकेशन से न केवल ढोंगी और फर्जी साधुओं के जमावडे़ से बचा जा सकेगा बल्कि इससे आतंकी वारदातों की आशंका से भी निजात मिलेगी। महंत नारायण गिरि ने बताया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद में देश के 13 अखाड़ों ने मिलकर पिछले दिनों फर्जी बाबाओं की सूची जारी की थी। इसी प्रकार फर्जी बाबा मेले में न पहुंचे या फिर साधु के वेश में कोई आतंकी मेले में ना जाए, इसलिए यह व्यवस्था इस बार की गई है।