पांच साल में एक करोड़ रुपये बढ़ी वीके सिंह की संपत्ति
गाजियाबाद। भाजपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ रहे वीके सिंह की संपत्ति पांच सालों में एक करोड़ रुपये बढ़ गई है। 2014 में नामांकन के वक्त उनकी संपत्ति 1.84 करोड़ रुपये थी, जो 2019 में बढ़कर 2,84,59,848 करोड़ हो गई है। इसमें चल व अचल संपत्ति शामिल है। वीके सिंह सबसे अधिक शिक्षित प्रत्याशियों में शामिल है। उन्होंने बरकत उल्ला यूनिवर्सिटी भोपाल (मध्य प्रदेश) से 2014 में पीएचडी की उपाधि हासिल की। आपराधिक रिकॉर्ड की बात करेें तो उन पर दो मुकदमे दर्ज है। वाहन के मामले में उनके पास सिर्फ एक इनोवा कार के मालिक हैं।
सांसद की पत्नी भारती सिंह भी 2,80,85,763 करोड़ की मालकिन हैं। वीके सिंह के पास 50 हजार तो पत्नी के पास 1 लाख की नगदी है। उनके पास 60 हजार की कीमत का 20 ग्राम सोना, जबकि पत्नी के पास 15 लाख की कीमत के 500 ग्राम सोना है। उनके पास दो राइफल भी है। एक लाख कीमत की .22 बोर की है और दूसरी गिफ्टेड 50 हजार मूल्य की राइफल है। उनकी पत्नी के पास पिस्टल व गन है। पिस्टल की कीमत एक लाख है जबकि गन 50 हजार मूल्य की है। जनरल वीके सिंह के पास हरियाणा के भिवानी स्थित बपोड़ा गांव में 29 कैनाल 06 मरला जमीन है, जिसकी कीमत 40 लाख है। पत्नी के पास उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित बाजपुर में .8510 हेक्टेयर व हरियाणा गुरुग्राम के पटौली जिले के जाटोली में 1.1 एकड़ कृषि भूमि है। दोनों जमीनों की मौजूदा कीमत 90 लाख रुपये है।
वहीं, वीके सिंह के नाम पर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 500 वर्ग गज व पंचकूला सेक्टर-चार में भी 500 वर्ग गज का आवासीय भूखंड है। दोनों का बाजार मूल्य 27 लाख 17 हजार 600 रुपये बताई गई है।