जश्न के बीच 20 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
गाजियाबाद। पहले चरण को लेकर नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 20 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। भाजपा की तरफ से वर्तमान सांसद जनरल वीके सिंह, गठबंधन से सुरेश बंसल व कांग्रेस से डॉली शर्मा ने नामांकन किया। जबकि शेष 17 नामांकन अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों की तरफ से किए गए। उधर, नामांकन के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासन की तरफ से कलक्ट्रेट परिसर (नामांकन स्थल) के बाहर व अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन प्रत्याशियों के समर्थन में जुटी भीड़ के चलते शहर घंटों तक जाम से जूझता रहा।
अंतिम दिन प्रत्याशी अंदर नामांकन कर रहे थे तो बाहर समर्थक जश्न मना रहे थे, जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस की उम्मीदवार डॉली शर्मा अपने समर्थकों के काफिले के साथ पर्चा दाखिल करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचीं। इसके बाद सपा प्रत्याशी सुरेश बंसल अपने समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे तो कुछ ही देरी के बाद भाजपा से जनरल वीके सिंह अपने चार विधायकों व मेयर के साथ नामांकन करने के लिए पहुंच गए। एक साथ कई दलों के प्रत्याशियों के पहुंचने पर प्रशासन को सपा व भाजपा प्रत्याशियों को अलग कक्ष में बैठाना पड़ा। सपा प्रत्याशी वेटिंग रूम में बैठे तो जनरल वीके सिंह व उनके साथ आए विधायक कलक्ट्रेट सभागार में बैठे रहे, जिन्हें बाद में एक-एक कर नामांकन के लिए बुलाया गया। कुल 25 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं। अब मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसके बाद 28 मार्च को नाम वापसी के बाद अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी होगी, जो चुनाव लड़ेंगे।