‘चुनाव के दौरान किए वादे पूरा करने वाला हो सांसद’
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-4 बी स्थित शिव गंगा अपार्टमेंट में ‘अमर उजाला’ की ओर से चुनाव पर चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान लोगों ने जिले से अबकी बार ऐसा सांसद चुनने की बात कही है जो चुनाव के दौरान किए वादे को पूरा करेगा। लोगों का कहना है कि हर बार प्रत्याशी वोट मांगने आते हैं और जीतने के बाद वापस नहीं आते और न ही वादे पूरे करते।
पहले चरण में गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान होना है। इसको लेकर लोगों में अभी से ही चर्चा शुरू हो गई है। लोग इस बार ऐसा सांसद क्षेत्र के लिए तलाश रहे हैं जो चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करे और समय समय पर जनता के बीच आकर उनकी समस्याएं जाने और उनका समाधान करे। वसुंधरा सेक्टर-4 बी में शनिवार दोपहर को हुई चुनावी चौपाल में महिलाएं और पुरुष एकत्र हुए। सभी ने जोरों से एक स्वर में मुद्दा उठाया कि जो भी सांसद बने वह चुनाव के दौरान किए वादों को पूरा करे। इस दौरान लोगों ने कहा कि वह सभी सोसायटी वालों को जागरूक करेंगे की वह 11 अप्रैल को घर से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक अच्छे और शिक्षित जनप्रतिनिधि का चुनाव करें। इस मौके पर योगेश त्यागी, मुकेश गुप्ता, आदेश त्यागी, सुधीर त्यागी, विद्या, अन्नू, राजबाला, लक्ष्मी समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
क्या कहते हैं लोग
सोसायटी की सबसे बड़ी समस्या सुरक्षा व्यवस्था है। आए दिन यहां पर बंद घरों में चोरी की वारदात हो रही हैं। चोर लाखों की चोरी को अंजाम दे चुके हैं। अभी तक एक भी मामले में खुलासा नहीं हुआ। पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए।
- पूजा त्यागी
हर पांच साल में लोकसभा के प्रत्याशी वोट मांगने के लिए आते हैं। जनता से तमाम तरह के वादे करके जाते हैं। चुनाव जीतने के बाद वह जनता का हाल तक नहीं जानने आते। जो भी प्रत्याशी हो, वह अपनी चुनावी वादे पूरे करें। - योगिता पटवाल
टीएचए में एक बड़ी समस्या मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। यहां पर पीने के पानी की व्यवस्था सही नहीं है। ड्रेनेज सिस्टम खराब है। सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहता है। गंगा जल की सप्लाई होने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिलता। - अरुण सिंह
टीएचए में जिले की बड़ी आबादी रहती है। यहां पर एयरपोर्ट, आवास विकास के गेस्ट हाउस, नामी स्कूल और मेट्रो स्टेशन तक तो खोल दिए गए, लेकिन सरकारी कॉलेज और अस्पताल अभी तक नहीं बनाया गया। - कपिल भाटी