गाजियाबाद में आज से निर्माण कार्यों पर रोक
प्रदूषण की खतरनाक स्थिति के मद्देनजर प्रशासन का निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रदूषण की खतरनाक स्थिति के मद्देनजर प्रशासन ने जिले में सभी तरह के निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर रही ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) टीम को निर्देश दिया गया है कि अगर कहीं पर चिमनी से काला धुआं निकलता हुआ मिलता है, तो उस इकाई को बंद करा दिया जाए।
प्रशासन ने विज्ञप्ति जारी कर साफ तौर पर कहा है कि 10 नवंबर के बाद ही प्रदूषण की स्थिति देखने के बाद ही नया आदेश जारी किया जाएगा। इस दौरान जीडीए, नगर निगम व स्थानीय निकायों के कार्य क्षेत्र में समस्त प्राइवेट भवन निर्माण संबंधी कार्य बंद रहेंगे। फैसला लिया गया है कि शहर व ग्रामीण क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर दिन में तीन दफा पानी का छिड़काव किया जाएगा। जिन उद्योगों के बाहर वाहनों का आवागमन होता है, वहां दिन में तीन दफा छिड़काव अनिवार्य होगा। बता दें कि इंवायरमेंट प्रदूषण कंट्रोल अथॉरिटी (ईपीसीए) ने एक नवंबर से रोक लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तीन दिन पहले ही निर्माण कार्य पर रोक लगाने का फैसला लिया है। चार से 10 नवंबर तक कोयला व बायोमास का प्रयोग करने वाली औद्योगिक इकाइयां पूरी तरह बंद रहेंगी।
गाजियाबाद में रविवार को प्रदूषण स्तर
पीएम 10 - 525 प्रति घनमीटर
पीएम 2.5 - 276 प्रति घनमीटर