गाजियाबाद। सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल गाजियाबाद को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा दिया जाएगा। नगर निगम की तरफ से इसकी कार्य योजना बनाई जा रही है। शहर में 20 स्थानों पर 115 ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। जगह का चयन कर लिया गया है। शुक्रवार को वैशाली स्थित होटल रेडिसन ब्लू में सिटी ईवी एस्कलेरेटर कार्यशाला का आयोजन होगा। कार्यशाला में कई सरकारी विभाग, ईवी कंपनियां, डीलर, उद्यमी और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
ईवी को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने में इलेक्ट्रिक वाहनों के योगदान, योजना को मूर्त रूप देने और शहरवासियों को जागरूक करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बृहस्पतिवार को इस संबंध में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि नगर निगम की सीमा में ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए स्थान का चयन हो गया है। लखनऊ के बाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में दूसरा शहर है, जहां ईवी को बढ़ावा देने के लिए इतने बड़े स्तर पर काम चल रहा है। आरएमआई इंडिया फाउंडेशन और नगर निगम ने मिलकर कार्य योजना तैयार की है, जिसको अमल में लाने से पहले कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
कार्यशाला में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, परिवहन विभाग, परिवहन निगम, यातायात विभाग, पेट्रोल पंप संगठन, आरडब्ल्यूए, ईवी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां, ईवी उपयोगकर्ता, ईवी चार्जिंग स्टेशन ऑपरेटर, वाहन डीलर और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यशाला में महापौर सुनीता दयाल, नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह मौजूद रहेंगे।
-यहां बनेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन-
कविनगर जोन : गोविंदपुरम स्वर्णजयंती पुरम मास्टर प्लान रोड (पांच प्वाइंट)
एनएच-58 के पास मेरठ रोड दुहाई (पांच प्वाइंट)
डायमंड रेलवे फ्लाईओवर रोड (पांच प्वाइंट)
विवेकानंद रेलवे ओवरब्रिज (पांच प्वाइंट)
सिटी जोन: रेतमंडी नंदग्राम रोड (पांच प्वाइंट)
राजनगर एक्सटेंशन मेन रोड डीएनएन डीजल पंप के पास (पांच प्वाइंट)
साईं एंक्लेव पुलिस चौकी हिंडन पेट्रोल पंप के पास (पांच प्वाइंट)
साईं उपवन हिंडन श्मसान पार्किंग (पांच प्वाइंट)
पटेल मार्ग जीटी रोड (पांच प्वाइंट)
बस अड्डे के पास मल्टीलेवल पार्किंग (15 प्वाइंट)
विजयनगर जोन : घोड़े वाले मंदिर के पास (पांच प्वाइंट)
ताज हाईवे (पांच प्वाइंट)
क्रॉसिंग रिपब्लिक में सिया अस्पताल के पास (पांच प्वाइंट)
अकबरपुर बहरामपुर ट्रांसफर स्टेशन के पास (पांच प्वाइंट)
मोहननगर जोन : हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के पास (पांच प्वाइंट)
मोहन नगर टी-प्वाइंट (पांच प्वाइंट)
अर्थला मेट्रो स्टेशन के पास (पांच प्वाइंट)
राजेंद्र नगर में अग्रवाल स्वीट्स के पास (पांच प्वाइंट)
वसुंधरा जोन : कनावनी पुलिया के पास (पांच प्वाइंट)
सौर ऊर्जा मार्ग पर महक लगन के पास (पांच प्वाइंट)