एचटी लाइन से टकराया डंफर, चालक की मौत
- गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर शव लगाया जाम
- मुआवजा और अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े परिजन
ककोड़। क्षेत्र के दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर निर्माणाधीन फ्रेट कोरिडोर के पास हाईटेंशन लाइन से एक डंफर के टकराने पर चालक की मौत हो गई। चालक की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मुआवजे के लिए प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने वैर फ्लाई ओवर के पास शव को हाईवे पर रखकर सिकंदराबाद जेवर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम, सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव वैर निवासी लवकेश (38वर्ष) पुत्र वीर सिंह दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर निर्माणाधीन फ्रेट कोरिडोर पर डंफर चलाता था। मंगलवार को वह वैर में डंफर से कोरीडोर पर मिट्टी डाल रहा था। सुुबह करीब 9.30 वह डंफर खाली कर मिट्टी लेेने वापस जा रहा था। रास्ते में हाईटेंशन लाइन नीची होने के कारण डंफर से टकरा गई। लाइन के टकराने से डंफर में करंट दौड़ गया, तथा करंट की चपेट में आने से लवकेश गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर हालात में उसे उपचार के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लवकेश की मौत की सूचना से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने तथा प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शाम करीब पौने छह बजे वैर फ्लाई ओवर के पास हाईवे पर शव रखकर सिकंदराबाद जेवर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर एसडीएम डा शुभी सिंह काकन, सीओ आलोक सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम व सीओ ने लोगो को समझा बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। एसओ आनंदवीर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को डायवर्ट करना पड़ा रूट
सिकंदराबाद। हाईवे पर लगे जाम से पार पाने को पुलिस को रूट डायवर्जन करना पड़ा। पुलिस ने सिकंदराबाद की ओर से ककोड़ व ककोड़ की ओर सिकंदराबाद की ओर आने वाले वाहनों को गांव के रास्ते निकाला।
तीन मासूमों के सिर से उठा बाप का साया
सिकंदराबाद। मृतक अपने पीछे पत्नी मीना व तीन बच्चों को छोड़ गया है। वह अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से उसके तीन मासूम बच्चों के सिर से बाप का साया उठ गया। मृतक के दो लड़के एक लड़की हैं। बड़े लड़के की आयु आठ वर्ष है।