पुलिस सुरक्षा में रहेंगी ईवीएम-मतपेटियां
सबहेड
दो स्तर के सुरक्षा घेरे में रहेंगी ईवीएम-मतपेटियां, 24 घंटे रहेगा पहरा
इस बार अर्द्धसैनिक बल की ड्यूटी नहीं लगी
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब मतगणना तक ईवीएम और मतपेटियां ‘टू लेयर सिक्योरिटी रिंग’ में रहेंगी। अंदर के घेरे में गारद और बाहरी घेरे की सुरक्षा का जिम्मा दो थानों की फोर्स को सौंपा गया है। मतगणना के दौरान पुलिस के साथ-साथ पीएसी भी तैनात रहेगी।
विधानसभा चुनाव में ईवीएम की सुरक्षा में अर्द्धसैनिक बल के जवानों को भी तैनात किया गया था लेकिन इस बार ईवीएम की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस पर रहेगा। हालांकि सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगा दी गई है। गोविंदपुरम अनाज मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में डासना नगर पंचायत, खोड़ा नगर पालिका और गाजियाबाद नगर निगम की ईवीएम और मतपेटियां रखी गईं हैं। इनकी सुरक्षा के लिए एसएसपी ने सीओ द्वितीय आतिश कुमार सिंह को नोडल प्रभारी बनाया है। पांच दिन तक उन्हीं की निगरानी में ईवीएम और मतपेटियां की सुरक्षा होगी। सीओ ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए इनर रिंग में दो सब-इंस्पेक्टर और 12 कांस्टेबल ओर बाहरी रिंग पर कविनगर और सिहानी गेट थाने की पुलिस तैनात रहेगी। इन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी राउंड द क्लॉक रहेगी। गश्त की शिफ्ट 12-12 घंटे की रहेेगी।
--
नोडल अफसर दिन में दो बार करेंगे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
एसएसपी हरिनारायण सिंह ने ईवीएम और मतपेटियों की सुरक्षा के लिए लोनी व मोदीनगर की जिम्मेदारी एसपी देहात और गोविंदपुरम मंडी की जिम्मेदारी सीओ द्वितीय को दी गई है। यह नोडल अधिकारी है, जो स्ट्रांग रूम का एक बार दिन और एक बार रात में निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण रजिस्टर में एंट्री भी करनी होगी।
---
सीसीटीवी की निगरानी में मतपेटियां
मोदीनगर। मोदीनगर और मुरादनगर नगर पालिका की मतपेटियां गोविंदपुरी सारा रोड स्थित आदर्श कन्या इंटर कालेज और नगर पंचायत निवाड़ी जबकि पतला और फरीदनगर की मतपेटियां नगर पालिका सामुदायिक सेंटर में रखी गईं हैं। एसडीएम पवन अग्रवाल और सीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि आदर्श इंटर कालेज में पांच सीसीटीवी, दो एसआई और चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जबकि सामुदायिक सेंटर में चार सीसीटीवी कैमरे, दो एसआई और चार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।