साहिबाबाद से लोनी जाने वालों को भोपुरा के जाम से जल्द ही निजात मिलने वाली है। आवास विकास परिषद ने लोनी योजना की 80 फीट इंटरनल रोड का निर्माण शुरू कर दिया है, जो मार्च के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद मोहननगर से 10 मिनट में वाहन चालक लोनी के टीला मोड़ पहुंच सकेंगे।
मोहननगर वाया भोपुरा से टीला मोड़ की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। सबसे बड़ी समस्या भोपुरा के जाम की है। परिषद की यह रोड बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब 9 किलोमीटर ही रह जाएगी। पसौंडा और सिकंदरपुर गांव के बीच से यह रोड लोनी योजना में एंटर करेगी। चंद्र विहार सोसायटी और जन विहार सोसायटी से होकर टीला मोड़ से जुड़ेगी।
साहिबाबाद से लोनी जाने वाले 12 हजार वाहनों का आसान सफर: आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि इंटरनल रोड लोनी जाने के लिए विकल्प के साथ यहां रहने वाले लोगों को भी लोनी और साहिबाबाद जाने में आसानी रहेगी। सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। मार्च तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।
यह रोड योजना की चंद्र विहार, मेडिकल एंक्लेव, प्रियंका विहार, लक्ष्मीपुरम, जन विहार और लोक विहार आदि सोसायटीज के बीच से होकर गुजरेगी। यहां रहने वाले करीब 5 हजार परिवारों को साहिबाबाद और लोनी से जोड़ा जा सकेगा। कनेक्टिंग रोड्स को हाईटेक सिग्नल सिस्टम से भी जोड़ने का प्लान आवास विकास परिषद ने बनाया है।