साहिबाबाद थाना क्षेत्र के श्याम पार्क एक्सटेंशन इलाके में घर से राशन लेने निकला युवक शादी कर अपनी दुल्हन लेकर घर पहुंच गया। कोरोना के डर से परिवार वालों ने उसे और दुल्हन को घर में प्रवेश नहीं दिया। जिस पर युवक दुल्हन को लेकर साहिबाबाद थाने पहुंचा। परिजन भी थाने पहुंच गए। आखिर में युवक अपनी पत्नी को लेकर किराये के कमरे में रहने चला गया।
युवक परिवार के साथ श्याम पार्क एक्सटेंशन में रहता है। वह बुधवार को घर वालों से यह कहकर बाहर गया कि वह राशन लेकर आ रहा है। कुछ घंटों बाद युवक दुल्हन लेकर घर पहुंच गया। उसने परिजनों को बताया कि शादी कर ली है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। यह देख परिवार के लोग हैरान रह गए। परिजनों ने लॉकडाउन होने और कोरोना संक्रमण के डर से उसे घर में नहीं घुसने दिया। इसके बाद युवक ने पुलिस को सूचना दी।
युवक अपनी दुल्हन और परिजनों के साथ थाने पहुंच गया। थाने में युवक व दुल्हन ने कहा कि तीन माह पूर्व उन्होंने हरिद्वार में शादी की थी। समाज के सामने फिर से शादी करना चाहते थे। लॉकडाउन के चलते उन्हें शादी की अनुमति नहीं मिल रही थी। युवक-युवती ने मंदिर में पहुंचकर शादी कर ली। घर में जाने को लेकर करीब एक घंटे तक विवाद चलता रहा लेकिन घरवालों ने दोनों को घर में नहीं आने दिया।
थाने से युवक अपनी पत्नी को लेकर एक जानने वाले के यहां किराए के कमरे में रहने चला गया। एसएचओ अनिल शाही ने बताया कि दोनों बालिग हैं। उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। परिवार वालों को समझाया गया कि वह युवक को मना नहीं कर सकते।