दो करोड़ की फिरौती के लिए दिल्ली के न्यू कोंडली से अगवा किए गए कक्षा सात के छात्र को खोड़ा थाना पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र को खोड़ा के वंदना एंकलेव स्थित एक किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने कॉल सेंटर कर्मी व एक किशोर समेत पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। अपहरणकर्ताओं में से एक अगवा छात्र के पिता की दुकान पर 15 दिन पहले तक नौकरी करता था।
न्यू कोंडली में रहने वाले किराना कारोबारी अजय गुप्ता का 12 वर्षीय बेटा पीयूष गुप्ता पास के ही विद्या बाल भवन स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे वह छुट्टी के बाद स्कूल से बाहर निकला। इसी दौरान पांच लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। तीन मिनट बाद अजय गुप्ता का नौकर पीयूष को लेने स्कूल पहुंचा तो वह गायब मिला। शाम 4:35 बजे अजय गुप्ता के पास अपहरणकर्ताओं की कॉल पहुंची और बच्चे को छोड़ने की एवज में दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
अपहरणकर्ताओं ने छात्र को अगवा कर खोड़ा के वंदना विहार स्थित एक मकान में रखा था। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि खोड़ा पुलिस मुखबिर और सर्विलांस के माध्यम से अपहरणकर्ताओं तक पहुंच गई। देर रात करीब दो बजे पुलिस ने पांचों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें राजा गौड़ और आकाश चौधरी असम के धुबरी का और करन यादव व रवि इलाहाबाद का रहने वाला है। इनके साथ एक किशोर को भी गिरफ्तार किया गया है। छात्र को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।