पुलिस ने किया सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
साहिबाबाद पुलिस ने शालीमार गार्डन चौकी क्षेत्र के विक्रम एंक्लेव के एक फ्लैट में चल रहे सेक्स रैकेट का रविवार को भंडाफोड़ किया। पुलिस ने सरगना समेत आठ युवतियों और सात युवकों को गिरफ्तार किया है। यह सैक्स रैकेट पिछले पांच साल से एक विधवा महिला चला रही थी। यहां से दिल्ली के होटलों में ऑनडिमांड लड़कियां भेजी जाती थीं।
कार्यवाहक सीओ साहिबाबाद महिपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि शालीमार गार्डन चौकी क्षेत्र के विक्रम एंक्लेव में सेक्स रैकेट चल रहा है। उन्होंने एसएचओ अनिल शाही व उनकी टीम के साथ फ्लैट पर छापा मारा। पुलिस ने सरगना समेत आठ युवतियों और सात युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी सन्नी निवासी अलीगढ़, आकाश निवासी लोनी, प्रवीन निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली, शुभम निवासी जालंधर पंजाब, सूरज निवासी जवाहर पार्क साहिबाबाद, अभिषेक निवासी जालंधर पंजाब और इकबाल निवासी विक्रम एंक्लेव हैं।
आरोपियों के पास से 5500 रुपये और आपत्तिजनक चीजें बरामद कीं। पकड़ी गई युवतियां पंजाब, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों की हैं। सीओ ने बताया कि एक विधवा महिला सेक्स रैकेट चला रही थी। रैकेट करीब पांच साल से दिल्ली-एनसीआर में ही चल रहा था। संचालिका दिल्ली और आसपास के क्षेत्र के होटलों में डिमांड पर युवतियों को भेजती थी। युवतियों को लाने और ले जाने के लिए एक गाड़ी भी रखी थी। साथ ही एक मेकअप आर्टिस्ट को भी रखा गया था। बताया गया कि जानकार लोगों को ही फ्लैट पर लाया जाता था।
छह माह में बदल देते थे जगह
एसएचओ अनिल शाही ने बताया कि रैकेट चलाने वाली महिला बहुत शातिर है। वह एक स्थान पर छह माह से ज्यादा नहीं रुकती थी। वह पुलिस के पकड़े जाने के डर से अपना ठिकाना बदलती रहती थी। तीन गुना किराया मकान मालिक को देती थी, जिससे कोई विरोध न कर सके। पुलिस ने फ्लैट को सील कर दिया है। मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। संचालिका ने बताया कि व्हाट्सएप के जरिए भी लोग संपर्क करते थे। फोटो भेजकर वह डिमांड मिलने पर युवतियों को भेजती थीं। इसके लिए 10 हजार से 25 हजार रुपये लिए जाते थे।