अक्षय की हत्या से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर लेटकर दिल्ली-मेरठ रोड जाम कर दिया। परिजनों को दिखाए बिना शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर ग्रामीण आक्रोशित थे। करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगने से दिल्ली-मेरठ हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसपी ग्रामीण नीरज कुमार जादौन ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
जाम खोलने के बाद ग्रामीण मोदीनगर थाने पर पहुंच गए और वहां भी हंगामा किया। पल-पल लोग आक्रोशित होते रहे और हालात बिगड़ते रहे। ग्रामीण मृतक अक्षय को सुपुर्द करने की मांग पर अड़े हुए थे। परिजनों ने यहां तक कह दिया था कि वह अक्षय का शव देखने से पहले इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराएंगे।
कैमरों की डीवीआर लेने पहुंची पुलिस बैरंग लौटी
अक्षय सांगवान के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। घटना के बाद पुलिस डीवीआर लेने पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस को बिना डीवीआर लिए ही बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर दर्जनों खोखे पड़े मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया।
दीपेंद्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी था अक्षय
17 अप्रैल 2019 को तिबड़ा रोड पर तिबड़ा निवासी दीपेंद्र और दिप्पन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में अक्षय व उसके भाई सनी समेत अन्य आरोपियों को जेल भेजा था। दीपेंद्र हत्याकांड में अक्षय को भी गोली लगी थी। पुलिस अभिरक्षा में उपचार के बाद अक्षय को जेल भेजा गया था, हालांकि इलाज के लिए करीब तीन माह पहले ही कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा किया था।
जन्मदिन के दो दिन बाद ही उतार दिया मौत के घाट
अक्षय सांगवान का गत 22 अगस्त को जन्मदिन था। अक्षय ने सादगी के साथ अपना जन्मदिन परिवार के बीच में ही मनाया था। सोमवार रात कब है अपने घर में बैठा था इसी दौरान हमलावरों ने बात करने के बहाने उसे बाहर बुलाया और गोलियों से भूनकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने अक्षय के मोबाइल को कब्जे में लेकर उसकी सीडीआर खंगालनी शुरू कर दी है।
कैंटीन के विवाद में हुआ खून-खराबा
देसी शराब ठेके के पास एक कैंटीन को लेकर अक्षय और दीपेंद्र में विवाद शुरू हुआ था। ठेके के पास दीपेंद्र कैंटीन चलाता था जबकि अक्षय के पिता जितेंद्र ने भी कुछ दूरी पर ही दूसरी कैंटीन खोली ली थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद दीपेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसपी ग्रामीण नीरज कुमार यादव का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर अक्षय की हत्या की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। हत्यारों की तलाश की जा रही है अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।