कचहरी परिसर में एक चैंबर पर कब्जे की कोशिश में जमकर हंगामा हुआ। कब्जे का विरोध करने पर बार पदाधिकारियों के साथ न केवल धक्का-मुक्की की गई, बल्कि रिवाल्वर निकालकर उन्हें डराया गया।
इस पर भड़के अधिवक्ताओं ने एक आरोपी को धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में आरोपी हवाई फायर करता हुआ निकल भागा। इस मामले में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पंडित ने दो अधिवक्ताओं और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कविनगर थाने में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बार अध्यक्ष अनिल पंडित ने बताया कि विगत दिनों अधिवक्ता जयवीर शर्मा की मसूरी थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। चूंकि जयवीर के बीवी-बच्चे नहीं हैं, ऐसे में नियमानुसार उसका चैंबर नंबर 273 बार की संपत्ति हो गया था।
इसकी नीलामी के लिए उन्होंने शनिवार की तारीख नियत की थी। आरोप है कि नीलामी से पूर्व ही दो अधिवक्ताओं शौकत और राजीव गुर्जर ने इस चैंबर को खरीदे जाने की बात करते हुए इस पर अपना बोर्ड लगा लिया और कुर्सी डालकर बैठ गए।
इसका पता चलने पर बार पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों अधिवक्ताओं को बाहर निकाला। अनिल पंडित ने बताया कि आरोपियों के साथ चार बाहरी युवक थे। इन्हीं में से एक युवक ने रिवाल्वर निकालकर धमकाया।
पकडे़ जाने पर वह हवाई फायर करते हुए निकल भागा। इंस्पेक्टर कविनगर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बार सदस्यता भी खतरे में
बार अध्यक्ष अनिल पंडित ने आरोपी दोनों अधिवक्ताओं शौकत और राजीव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनका कहना है कि तीन दिन में आरोपियों से जवाब मांगा गया है कि क्यों न आपकी बार सदस्यता समाप्त कर दी जाए।