दिल्ली से सटे गाजियाबाद में उस वक्त सनसनी मच गई जब शहर के बड़े व्यापारी और भाजपा नेता नवीन जैन की आत्महत्या की खबर चारों ओर फैल गई। नवीन जैन ने बुधवार दिन में अपनी मां के घर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गुप्ता कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के चलते भाजपा नेता, बिल्डर और जैन तिरपाल वाले नवीन जैन ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवीन जैन के आत्महत्या करने के बाद शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार अपने दोनों सगे भाईयों को बताया है।
सुसाइड नोट में नवीन जैन ने लिखा है कि उनके दोनों सगे भाई उन्हें काफी दिन से मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे और उनके बेटे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने की बात कह रहे थे, इसलिए वह आत्महत्या कर रहे हैं।