कोरोना संक्रमण की चपेट में अब अधिकारी भी आने लगे हैं। सोमवार को कलक्ट्रेट के एक प्रशासनिक अधिकारी और जेवर में तैनात उनकी अधिकारी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा कलक्ट्रेट में अटैच एक लेखपाल, अदालत के एक अर्दली व एक अन्य में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
प्रशासनिक अधिकारी के संक्रमण की चपेट में आने से कलक्ट्रेट में हड़कंप मचा है, क्योंकि वह अधिकारी प्रशासनिक स्तर की गई कई मीटिंग में शामिल हुए थे। इसे लेकर अधिकारियों में भी बेचैनी है। वहीं, स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पर चुप्पी साध ली है।
सीएमओ ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि निजी अस्पताल के सीईओ ने अधिकारी दंपती के कोरोना पॉजिटिव होने और अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। बताया गया है कि अधिकारी के कार्यालय को सील करने की तैयारी की जा रही है।
लेखपाल भी कलक्ट्रेट में था अटैच
सदर तहसील में कार्यरत एक लेखपाल में भी कोरोना की पुष्टि हुई है, जिसके बाद तहसील को सील किया गया है। हालांकि लेखपाल को कोरोना से संबंधित कामकाज देखने के लिए कलक्ट्रेट से अटैच किया गया था।