बृहस्पतिवार को जिले में 27 बच्चों समेत 187 लोग कुत्ते एवं बंदरों के काटने पर एमएमजी, संयुक्त अस्पताल लोनी व संजयनगर, चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रेवीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे थे। इनमें 17 बुजुर्ग भी शामिल हैं।
मौसम में बदलाव होने के साथ ही कुत्ते और बंदरों के काटने की संख्या में कमी आ गई है। बृहस्पतिवार को जिले में 27 बच्चों समेत 187 लोग कुत्ते एवं बंदरों के काटने पर एमएमजी, संयुक्त अस्पताल लोनी व संजयनगर, चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रेवीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे थे। इनमें 17 बुजुर्ग भी शामिल हैं। तीन लोगों पर बंदरों ने हमला कर काट लिया था। लोनी में 30 लोगों ने पहला डोज लगवाया। जिले में 269 लोगों ने दूसरा और तीसरा डोज लगवाया।
विज्ञापन
एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ.मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि अब मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है। ऐसे में कुत्तों की आक्रामकता में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि पंद्रह दिन पहले आंकड़ा दो सौ से ढाई सौ पहुंचा था लेकिन अब 70 से 80 तक सिमट गया है। सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में सबसे अधिक विजय नगर, अर्थला और नंदग्राम क्षेत्र से कुत्ते काटने से घायल आ रहे हैं। इनमें से दो तिहाई संख्या बच्चों की है। उन्होंने बताया कि अधिकांश को एआरवी लगाने के साथ ही घाव भरने के लिए अलग से दवाई देने की जरूरत भी पड़ती है।
लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीज
गाजियाबाद। डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले वर्ष 901 डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई थी, जबकि इस बार जुलाई से अब तक 896 मरीज मिल चुके हैं। पिछले एक सप्ताह से 12 से 15 मरीजों की रोजाना पुष्टि हो रही है। बृहस्पतिवार को 16 मरीजों की पुष्टि हुई है। इस समय जिले में 81 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 62 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को 169 टीमों ने 104 क्षेत्रों का भ्रमण किया। इनमें 102 स्थानों पर डेंगू का लार्वा पाया गया। मलेरिया विभाग की टीम ने 52 स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया है।