वर्ष-2013 में गांधी जयंती पर फरीदाबाद के बड़खल में रेलवे ट्रैक पर मिले जर्मन महिला के शव के मामले का खुलासा हो गया है।
फॉरेंसिक जांच में महिला के शरीर पर पाए गए चोट के निशान ट्रेन एक्सिडेंट के पाए गए हैं। इससे स्पष्ट हो गया है कि महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। लेकिन कारणों का अभी भी पता नहीं चल पाया है।
जीआरपी ने अब खुदकुशी का मामला दर्ज कर लिया है। दो अक्टूबर को केरला संपर्क क्रांति के सामने बड़खल के पास एक जर्मन युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
युवती की पहचान मूल रूप से जर्मनी निवासी ज्यूडिथ आइना एन्हास के रूप में हुई थी। वह दिल्ली के चितरंजन पार्क में अपने दो साथियों के साथ किराए पर रहती थी। चितरंजन पार्क थाने में युवती के अपहरण होने का मामला दर्ज था।
जीआरपी के एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि खुदकुशी करने के मामले की फॉरेंसिक जांच भी कराई गई थी। जांच रिपोर्ट आ चुकी है। रिपोर्ट में महिला के शरीर पर ट्रेन एक्सिटेंड के अलावा किसी अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं। जीआरपी अब आत्महत्या के कारणों को जानने की कोशिश कर रही है।