ओल्ड फरीदाबाद में ठाकुर वाड़ा के सुनील ठाकुर की जर्मन शेफर्ड कुतिया ने एक साथ पंद्रह पिल्लों को जन्म दिया। पंद्रह पिल्लों को जन्म देने की यह घटना इलाके में कौतूहल का विषय बनी हुई है।
वेट्रिनरी डॉक्टर भी इतने पिल्लों के एक साथ जन्म को असाधारण बता रहे हैं। ठाकुर ने इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड होने का दावा करते हुए गिनीज और लिम्का बुक में दर्ज कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सुनील ने बताया चौदह माह की जर्मन शेफर्ड कुतिया रूबी ने 3 सितंबर की शाम पंद्रह पिल्लों को जन्म दिया। आम तौर पर इस नस्ल की कुतिया छह से आठ पिल्लों को जन्म देती हैं।
अधिक संख्या में होने की वजह से सभी पिल्ले कमजोर और दुबले पतले पैदा हुए। इनमें से दो पिल्ले 3 सितंबर को ही चल बसे और एक पिल्ले की मौत 7 सितंबर को हुई। बाकी बचे सभी 12 बच्चे स्वस्थ हैं।