खिलाड़ियों के सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर वायरल
काजल कुमारी
नई दिल्ली। विमेन्स दिल्ली प्रीमियर लीग (डब्ल्यूडीपीएल) में युवा महिला क्रिकेटरों का प्रदर्शन और उनका जेन-जी अंदाज में जश्न मनाना चर्चा का विषय बना हुआ है। विकेट लेने के बाद 6-7 हाथों के इशारे और कैमरे के सामने कोरियन हार्ट बनाने जैसे अंदाज खिलाड़ियों में दिख रहे हैं। ये तरीके सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं और क्रिकेट के पारंपरिक जश्न से अलग, नई पीढ़ी के लोकप्रिय ट्रेंड को दर्शाते हैं।
इन युवा खिलाड़ियों ने अपनी पीढ़ी के लोकप्रिय स्टाइल को मैदान पर अपनाया है। सेंट्रल दिल्ली क्वीन्स की बीस वर्षीय लेग स्पिनर मेधावी बिधूड़ी का 6-7 सेलिब्रेशन सबसे अधिक चर्चित रहा। उन्होंने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की बल्लेबाज निशिका सिंह का विकेट लेने के बाद यह इशारा किया। मेधावी का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
इस सेलिब्रेशन के पीछे एक कहानी है। मेधावी जर्सी नंबर बारह चाहती थीं, लेकिन वह पहले ही किसी और को मिल चुका था। उनकी छोटी बहन ने उन्हें 67 नंबर चुनने और इसी स्टाइल में जश्न मनाने का सुझाव दिया। अब उनका जर्सी नंबर 67 और 6-7 वाला सेलिब्रेशन दोनों ही सुर्खियां बटोर रहे हैं।
नाजमा का कोरियन हार्ट सेलिब्रेशन
डब्ल्यूडीपीएल में नाजमा का कोरियन हार्ट सेलिब्रेशन भी खास पहचान बना रहा है। विकेट लेने या अच्छी गेंदबाजी के बाद वह कैमरे और प्रशंसकों की ओर उंगलियों से छोटा दिल बनाती हैं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आ रहा है। यह जेन-जी का एक प्यारा इशारा है, जिसे नाजमा ने क्रिकेट के मैदान पर अपनाया है।
युवा खिलाड़ियों में बढ़ता ट्रेंड
मेधावी और नाजमा के अलावा भी डब्ल्यूडीपीएल की अन्य युवा महिला क्रिकेटर जेन-जी अंदाज में जश्न मना रही हैं। कोई हाथों के खास इशारों से खुशी व्यक्त कर रही है तो कोई कैमरे की ओर इशारा कर प्रशंसकों से जुड़ रही है। नई पीढ़ी की ये महिला क्रिकेटर मैदान पर अपनी पहचान सिर्फ खेल से नहीं बना रही हैं। वे अपने अलग और प्रचलित जेन-जी स्टाइल से भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।